ग्रेटर नोएडा : दादरी विधायक तेजपाल नागर ने लखनऊ में की उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से की मुलाकात, विकास कार्यों पर हुई चर्चा

लखनऊ/ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जनपद के दादरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक तेजपाल सिंह नागर ने शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच दादरी क्षेत्र के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा हुई।
विधायक तेजपाल नागर ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और विकास कार्यों की प्रगति से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने दादरी विधानसभा में सड़क निर्माण, जल निकासी, ग्रामीण विकास, बिजली आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण जैसे मुद्दों पर सरकार से सहयोग की मांग की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विधायक द्वारा उठाए गए विषयों को प्राथमिकता पर लिए जाने का भरोसा दिलाया और कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
तेजपाल नागर ने कहा कि माननीय उपमुख्यमंत्री जी का मार्गदर्शन न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि वह जनहित व विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उनके सहयोग से दादरी क्षेत्र में अनेक विकास योजनाएं साकार हो रही हैं। वहीं विधायक ने उपमुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए आशा जताई कि सरकार की मदद से दादरी क्षेत्र को जल्द ही बुनियादी सुविधाओं और अधूरे विकास कार्यों में गति मिलेगी।