गौतमबुद्ध नगर : महिला सुरक्षा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस की जागरूकता पहल

गौतमबुद्धनगर: महिला सुरक्षा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट सक्रिय भूमिका निभा रही है। पुलिस कमिश्नर के निर्देशन और डीसीपी महिला सुरक्षा एवं एडीसीपी महिला सुरक्षा के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थानों की महिला बीट अधिकारियों द्वारा महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है।
महिला सुरक्षा टीम ने जिले के विभिन्न गांवों, सोसायटियों, लेबर कॉलोनियों और बाजारों का भ्रमण कर स्थानीय महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्हें महिला सशक्तिकरण, महिला अपराधों की पहचान, और आत्मरक्षा के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाएं जैसे मिशन शक्ति, शुभ मंगल योजना, और साइबर क्राइम जागरूकता अभियान के तहत जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए और महिलाओं को जरूरी हेल्पलाइन नंबरों जैसे महिला हेल्पलाइन-1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, साइबर हेल्पलाइन-1930, आपातकालीन सेवा-112, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, और वन स्टॉप सेंटर-181 के बारे में विस्तार से बताया गया।
महिला सुरक्षा टीम ने महिलाओं को समझाया कि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अपराध को चुपचाप सहन न करें, बल्कि तत्काल हेल्पलाइन पर संपर्क कर पुलिस सहायता प्राप्त करें। पुलिस का यह प्रयास महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।