ग्रेटर नोएडा: ग्राम बिसरख में दो पक्षों में झगड़ा, युवक को गंभीर रूप से पीटा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

ग्रेटर नोएडा के ग्राम बिसरख में शनिवार शाम करीब 5 बजे दो पक्षों के बीच जमकर झगड़ा हो गया। इस झगड़े में एक पक्ष के लगभग पाँच लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक शिवा पर बुरी तरह हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने लाठी-डंडों से शिवा को पीटा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायल शिवा को बचाया और तुरंत पुलिस को सूचित किया। लेकिन हैरानी की बात यह है कि घटना को हुए कई घंटे बीत जाने के बाद भी थाना बिसरख पुलिस न तो पीड़ित को चिकित्सीय सहायता दिला पाई है और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई सख्त कार्यवाही की गई है।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस घटना को नजरअंदाज कर रही है और शिकायत के बावजूद आरोपियों को खुला छोड़ दिया गया है। घायल शिवा को अभी तक किसी सरकारी अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया है, जिससे उसकी हालत और भी बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल न्याय की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। वहीं, पूरे गांव में इस घटना को लेकर रोष व्याप्त है। लोग पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं और जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।