Breaking Newsअपराधएनसीआरनोएडा

साइबर ठग आपके पैसे ही नहीं, डेटा भी कर रहे चोरी, नोएडा पुलिस ने चार किए अरेस्‍ट

नोएडा पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच ने एक महिला समेत 4 लोगों को अरेस्ट किया है। इन चारों के ऊपर व्हाट्सऐप के जरिए इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप है। इन लोगों को तब गिरफ्तार किया गया, जब एक पीड़ित ने अपने साथ हुए 26.11 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी।

नोएडा साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन द्वारा गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों के नाम हैं; कुलदीप गिरी, शादाब हुसैन, साहिल और खुशी मोहम्मद। ये चारो आरोपी मासूम लोगों को व्हाट्सऐप के जरिए जोड़ते थे और फिर उन्हें इन्वेस्टमेंट के जरिए तगड़ा मुनाफा होने का लालच देकर अपने जाल में फसा लेते थे। फिर धीरे-धीरे पैसे ऐंठने शुरू कर देते थे। जब तक पीड़ित समझ पाते हैं, तब तक काफी नुकसान हो जाता है।

डीसीपी साइबर क्राइम नोएडा, प्रीति यादव ने घोटालेबाजों के तौर-तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जालसाज पहले पीड़ित को उनके द्वारा चलाए जा रहे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ते हैं और उन्हें कुछ फायदा कराने का लालच देते थे। मुनाफ़ा मिलने के बाद, व्यक्ति उनके झांसे में आ जाते हैं और फिर ज़्यादा पैसे निवेश करने की इच्छा करने लगते हैं। फिर आरोपी व्यक्ति को एक APK फ़ाइल भेजते थे और उसके फ़ोन तक पहुँच प्राप्त करके उसके बैंक खाते से पैसे उड़ा लेते थे।

पुलिस ने पीड़िता के 6,34,831 रुपये फ्रीज कर दिए हैं और उसे वापस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में पीड़िता की शिकायत पर 13 जनवरी को केस दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गोवा, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक और तेलंगाना समेत कई राज्यों में कुल 14 शिकायतें दर्ज हैं।

बढ़ते डिजटलीकरण के दौर में इस तरह की घटनाएं काफी देखने को मिल रही हैं। जागरुकता में कमी और लालच में आने के चलते कई लोग जाने-अनजाने इस तरह के जालसाजों का शिकार हो जाते हैं।

Related Articles

Back to top button