उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश को मिला नया मुख्य सचिव, शशि प्रकाश गोयल को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के प्रशासनिक तंत्र में बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल को प्रदेश का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। गोयल 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं और लंबे समय से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। अब उन्हें प्रदेश की सबसे बड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शशि प्रकाश गोयल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे भरोसेमंद और नजदीकी अफसरों में गिना जाता है। उन्होंने अपने कार्यकाल में हमेशा अनुशासन, सादगी और दक्षता को प्राथमिकता दी है। गोयल अब तक अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रमुख की भूमिका निभा रहे थे और प्रशासनिक कार्यों में उनकी दक्षता के लिए उन्हें व्यापक रूप से सराहा गया है।

गोयल को एक लो-प्रोफाइल लेकिन बेहद प्रभावी अधिकारी माना जाता है। वे चर्चा से दूर रहकर नीतिगत फैसलों और प्रशासनिक सख्ती के जरिए अपनी पहचान बनाते रहे हैं। उनकी छवि एक ऐसे अफसर की रही है जो परिणामों पर ध्यान केंद्रित करते हैं और राजनीतिक हलकों में भी उनकी कार्यशैली को सम्मान मिला है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोयल को यह नई जिम्मेदारी सौंपते हुए प्रशासन में एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि ‘टीम योगी’ में भरोसेमंद, दक्ष और अनुशासित अधिकारियों को शीर्ष पदों पर वरीयता दी जाती है। उम्मीद की जा रही है कि शशि प्रकाश गोयल के नेतृत्व में प्रदेश का प्रशासनिक ढांचा और अधिक मजबूत और पारदर्शी दिशा में अग्रसर होगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button