कांवड़ यात्रा में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए योगी सरकार का बड़ा कदम, 10 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मी तैनात

लखनऊ | सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस बार सुरक्षा व्यवस्था को महिला केंद्रित बनाया गया है। राज्य भर में कांवड़ मार्गों पर 10 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।
प्रशासन ने बताया कि इस बार कांवड़ यात्रा में करीब 6 करोड़ श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिनमें 60-70 लाख महिलाएं हो सकती हैं। उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए 8,541 महिला मुख्य आरक्षी और 1,486 महिला उपनिरीक्षक तैनात की गई हैं। साथ ही 150 से अधिक महिला हेल्प डेस्क और शक्ति हेल्प बूथ भी बनाए गए हैं, जिन्हें महिला स्वयंसेवी संगठनों की सहायता से स्थापित किया गया है।
महिला श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान कोई असुविधा न हो, इसके लिए हेल्प डेस्क पर महिला कांस्टेबल की मौजूदगी अनिवार्य की गई है। ये पुलिसकर्मी न केवल सहायता देंगी, बल्कि संवेदनशील मामलों में परामर्श भी उपलब्ध कराएंगी। इसके अलावा सभी क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) में महिला पुलिसकर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है, खासकर रात्रिकालीन गश्त में।
मेरठ जोन में सबसे अधिक 3,200 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, सीसीटीवी, ड्रोन और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग जैसे डिजिटल उपायों से भी सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। यह पहल महिला श्रद्धालुओं को आत्मविश्वास और सुरक्षा का नया एहसास दे रही है।